Bihar

पटना में पेपर लीक के विरोध में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
पटना में पेपर लीक के विरोध में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

पटना (PATNA) : बिहार की राजधानी पटना में पेपर लीक के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तीखी झड़प हो गई. जिससे इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

दोषियों पर सख्त कदम उठाने की मांग

प्रदर्शनकारी छात्र पेपर लीक की घटनाओं के खिलाफ कार्रवाई और दोषियों पर सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे थे. साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की. प्रदर्शन के दौरान जब पुलिस ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने और सड़क खाली कराने की कोशिश की तो दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया.

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया

स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. इसके बाद पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए सख्ती दिखाई. भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और वाटर कैनन से पानी की बौछार की गई. इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर भगदड़ जैसे हालात बन गए और लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं.पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी तरह की हिंसा या उपद्रव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती

फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है और स्थिति को पूरी तरह सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं. वहीं, प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक पेपर लीक के मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं होती और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता तब तक उनका विरोध जारी रहेगा. पूरे घटनाक्रम के चलते राजधानी पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.