Bihar

पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी में बवाल, एडमिशन गड़बड़ी पर फूटा छात्रों का गुस्सा, कैंपस में हंगामा और तोड़फोड़

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

पटना(PATNA): पटना के पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी (PPU) में सोमवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा. एडमिशन प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी और विश्वविद्यालय प्रशासन की उदासीनता से नाराज छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया. देखते ही देखते विरोध इतना बढ़ गया कि कैंपस में हंगामे और तोड़फोड़ तक पहुच गई. छात्रों का आरोप है कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के दौरान उनकी कैटेगरी  बिना वजह बदल दी गई, जिसके उनका एडमिशन अधर में लटक गया है और उनका एक साल बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गया है.

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि वे ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करते समय अपनी सही कैटेगरी, जैसे BC-1 या BC-2, का चयन कर रहे थे. इसके लिए सरकार द्वारा जारी वैध प्रमाणपत्र और संबंधित दस्तावेज भी अपलोड किए गए थे. लेकिन फीस जमा करने के बाद जब आवेदन की अंतिम कॉपी डाउनलोड की गई, तो उसमें उनकी कैटेगरी खुद बदलकर EWS दिखाई देने लगी.

छात्रों का आरोप है कि इसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण कॉलेजों में दस्तावेज सत्यापन के दौरान उनका एडमिशन रोक दिया गया. कॉलेज प्रशासन ने उन्हें विश्वविद्यालय भेज दिया, जबकि विश्वविद्यालय में कई दिनों से चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका. छात्रों का कहना है कि वे लगातार अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है.

आक्रोशित छात्रों ने बताया कि उन्होंने दो बार आवेदन भरा, लेकिन दोनों बार यही समस्या सामने आई. उनका सवाल है कि अगर सभी दस्तावेज सही थे और सिस्टम में प्रमाणपत्र भी स्वीकार हो गया था, तो फिर श्रेणी अपने आप कैसे बदल गई,  छात्रों का यह भी आरोप है कि विश्वविद्यालय उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है. विरोध कर रहे छात्रों ने कहा कि एडमिशन फिस के रूप में उनसे लगभग 2300 रुपये भी लिए जा चुके हैं, लेकिन न तो दाखिला मिल रहा है और न ही फीस वापस करने की कोई बात कही जा रही है

TagsBihar