Bihar

बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में छात्रों का हंगामा, पुलिस से झड़प में दो छात्र घायल

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

पटना (PATNA): पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के बाहर मंगलवार को छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा. रिजल्ट में गड़बड़ी की आशंका को लेकर बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय परिसर के बाहर जुटे और जमकर हंगामा किया. छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान आर्यभट्ट यूनिवर्सिटी कैंपस में भी छात्रों द्वारा तोड़फोड़ और वहां मौजूद कर्मियों के साथ मारपीट किए जाने की सूचना है. प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प की स्थिति बन गई. उग्र छात्रों द्वारा पुलिसकर्मियों पर हमला किए जाने की सूचना है. इसमें एक महिला पुलिसकर्मी समेत दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. घायल पुलिसकर्मी जितेंद्र कुमार के सिर और पैर में गंभीर चोट लगी है. उनका इलाज जारी है.

राहगीरों की गाड़ियों के शीशे भी टूटे

हंगामे के दौरान सड़क से गुजर रहे कुछ राहगीरों की गाड़ियों के शीशे भी टूट गए. छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया. छात्रों का कहना है कि वे रिजल्ट में गड़बड़ी की आशंका को लेकर अपनी मांग रखने विश्वविद्यालय पहुंचे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी.घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया. फिलहाल विश्वविद्यालय के बाहर पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है. तनाव को देखते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी

वहीं, हंगामे और झड़प के बाद विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पुलिस अधिकारियों की ओर से स्थिति को शांत बनाए रखने के लिए छात्रों से बातचीत की जा रही है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.

TagsBihar