पटना (PATNA): बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर एनडीए के भीतर मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं. राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) में भी उम्मीदवार को लेकर अंदरूनी खींचतान की स्थिति बनती नजर आ रही है. पार्टी के तीन विधायकों ने सारण निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे राम पुकार सिन्हा को अपना समर्थन देने का ऐलान किया है.
रालोमो के विधायक माधव आनंद, रामेश्वर महतो और आलोक सिंह राम पुकार सिन्हा के नामांकन में शामिल होंगे. बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह की अगुवाई में तीनों विधायकों का समर्थन सामने आया है. ऐसे में पार्टी नेतृत्व के रुख से अलग विधायकों के इस कदम ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है. दरअसल, रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की ओर से विधान परिषद चुनाव में जेडीयू उम्मीदवार को समर्थन देने की बात कही गई थी. लेकिन अब पार्टी के ही तीन विधायकों का राम पुकार सिन्हा के समर्थन में सामने आना एनडीए के अंदर चल रही राजनीतिक खींचतान को उजागर करता है.
सारण निर्वाचन क्षेत्र से राम पुकार सिन्हा ने अपनी उम्मीदवारी पेश की है और अब रालोमो के तीन विधायकों के उनके नामांकन में शामिल होने से मुकाबला और दिलचस्प हो गया है. विधायकों के इस रुख को पार्टी नेतृत्व के लिए भी चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है.
