पटना: केन्द्रीय संचार तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री के बीच बिहार में दूरसंचार (टेलीकम्युनिकेशन) क्षेत्र के विकास, आधुनिक संचार सुविधाओं के विस्तार तथा इस क्षेत्र में राज्य की संभावनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. साथ ही बिहार में दूरसंचार अवसंरचना को और सुदृढ़ बनाने तथा संचार सेवाओं के विस्तार के माध्यम से विकास की नई संभावनाओं को गति देने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श हुआ.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया. मुलाकात के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी मौजूद थे.