Bihar

उमानाथ धाम नाव हादसा: अबतक 5 शव बरामद, दो की तलाश जारी, गांव में पसरा मातम

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

पटना(PATNA):पटना के बाढ़ अनुमंडल स्थित उमानाथ धाम में हुए दर्दनाक नाव हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. गुरुवार को हुए इस हादसे में अब तक पांच लोगों के शव बरामद किए जा चुके है, जबकि दो अन्य लोगों की तलाश अब भी जारी है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

सात लोग नदी में लापता हो गए थे

जानकारी के अनुसार नाव पर कुल 14 लोग सवार थे. सभी लोग नदी पार कर उमानाथ धाम की ओर जा रहे थे. बताया जा रहा है कि नाव किनारे पहुंचने ही वाली थी, तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया और नाव नदी में डूब गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन सात लोग नदी में लापता हो गए थे.

अब तक पांच शव बरामद

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद अब तक पांच शव बरामद किए गए हैं. बाकी दो लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम लगातार नदी में खोजबीन कर रही है. तेज बहाव और गहरे पानी की वजह से राहत कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं.

सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक दे दिया गया

अंचलाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिन पांच लोगों के शव बरामद हुए है, उनके परिजनों को सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक दे दिया गया है. बाकी दो शव मिलने के बाद उनके परिवारों को भी सहायता राशि दी जाएगी.इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. गांव के लोग घटना से सदमे में हैं और मृतकों के घरों में लगातार लोगों की भीड़ जुट रही है. प्रशासन ने लोगों से नदी में सावधानी बरतने की अपील की है.

TagsBihar