Bihar

बिहार के दो पैरा खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का मान, सम्राट सरकार देगी 45 लाख रुपये और सरकारी नौकरी

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

पटना(PATNA):राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर बिहार के लिए गर्व का क्षण सामने आया है. राष्ट्रमंडल खेल-2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले बिहार के पैरा खिलाड़ी सोमन राणा और झंडू कुमार ने अपनी उपलब्धियों से देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है.

सोमन राणा ने F57 शॉट पुट में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि झंडू कुमार ने पैरा पावरलिफ्टिंग में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा.

दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि को सम्मान देते हुए बिहार सरकार ने ‘खेल सम्मान योजना’ के तहत सोमन राणा को 30 लाख रुपये और झंडू कुमार को 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने का निर्णय लिया है. इसके अलावा ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत दोनों को निर्धारित सरकारी नियुक्ति भी दी जाएगी.

दोनों खिलाड़ियों की सफलता बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा है. उनकी मेहनत, लगन और शानदार प्रदर्शन ने यह साबित किया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के दम पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं.

राष्ट्रीय खेल दिवस पर बिहार सरकार का यह सम्मान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

TagsBihar