☰
Bihar

पटना स्नातक चुनाव पर जदयू में खींचतान, अनंत सिंह के बयान पर नेतृत्व करेगा फैसला

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक चुनाव को लेकर जदयू विधायक अनंत कुमार सिंह और पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच विवाद गहरा गया है. सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनंत सिंह ने जन सुराज के प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह का समर्थन करने और नीरज कुमार का विरोध करने की घोषणा की थी. 

नेतृत्व के संज्ञान में पहुंचा मामला

अनंत सिंह के बयान के बाद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने मंत्री श्रवण कुमार और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा से पूरे मामले की जानकारी ली. मुलाकात के बाद श्रवण कुमार ने कहा कि पार्टी के भीतर जो हो रहा है, वह नहीं होना चाहिए. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष और कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष को स्थिति से अवगत करा दिया गया है. आगे क्या कदम उठाना है, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा.

श्रवण कुमार ने कहा कि जदयू का ध्यान चुनाव जीतने पर है. वहीं, बैठक से बाहर आए उमेश कुशवाहा ने कहा कि कौन क्या बोल रहा है, यह सब पार्टी के संज्ञान में है. उन्होंने कहा कि एनडीए की सभी आठ सीटों पर जीत उनकी प्राथमिकता है.

तटबंध टूटने पर भी दिया जवाब

चंपारण में तटबंध टूटने के सवाल पर श्रवण कुमार ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी मिली है और सरकार स्थिति पर सतर्क है. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा को पूरी तरह रोकना किसी के बस में नहीं है, लेकिन उससे निपटने के लिए सरकार काम कर रही है.
अनंत सिंह की घोषणा के बाद अब निगाहें जदयू नेतृत्व के फैसले पर हैं.

TagsBihar