पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में 2025 बैच के प्रशिक्षु भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों आशीष कुमार, कोशिंदर, मो ताबिश हसन, नवनीत आनंद, सहर्स कुमार, शुभम, सिदक सिंह, विजय राघव गोयल, विनय कुमार एवं विश्व वर्द्धन के साथ बैठक कर उन्हें बिहार में बेहतर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं जनसेवा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को बिहार की परिस्थितियों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करते हुए पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया. मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु पदाधिकारियों को शुभकामनायें देते हुये उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आम जनता के साथ सीधा संपर्क बनाए रखने तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिले में शांति, कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक इकाइयों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करना आवश्यक है. उन्होंने पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के अधिकाधिक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि तकनीक के माध्यम से पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाया जा सकता है. मुख्यमंत्री ने युवा अधिकारियों से व्यवस्था की बेहतरी के लिए अपने नए एवं रचनात्मक सुझाव देने को भी कहा.
मुख्यमंत्री ने सभी प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों को उनके आगामी जिला प्रशिक्षण एवं दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सबको मिलकर बिहार को और बेहतर बनाना है. बैठक में मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय सुनील कुमार, पुलिस महानिरीक्षक, मुख्यालय मनोज कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.