Bihar

पटना में लोकभवन मार्च को लेकर बदली ट्रैफिक व्यवस्था, इन रास्तों पर रहेगी रोक

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): राजधानी पटना में  छात्र संगठनों के लोक भवन मार्च को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं. प्रदर्शन के दौरान शहर के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी. खासकर गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में ऑटो, ई-रिक्शा तथा व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई जाएगी. यह व्यवस्था सुबह 10 बजे से मार्च समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी.

गांधी मैदान के आसपास वाहनों पर प्रतिबंध

प्रदर्शन के दौरान गांधी मैदान के चारों तरफ व्यावसायिक वाहनों के साथ ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगे. पटना जंक्शन से डाकबंगला चौराहा और आयकर गोलंबर से कोतवाली टी तक भी इनके परिचालन की अनुमति नहीं होगी.पुलिस लाइन से बैंक रोड, बुद्धमार्ग पर छज्जूबाग से टीएन बनर्जी पथ और पुलिस लाइन तिराहा से कोतवाली टी तक भी ऑटो एवं ई-रिक्शा की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी.

दानापुर से आने वाले वाहनों का बदलेगा रास्ता

दानापुर की तरफ से राजापुर पुल होकर आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को पुलिस लाइन तिराहा से वापस दानापुर की दिशा में मोड़ दिया जाएगा. वहीं, आयकर गोलंबर से कोतवाली की तरफ जाने वाले वाहनों को भी आगे बढ़ने की अनुमति नहीं मिलेगी. एक्जीबिशन रोड पर भट्टाचार्या चौराहा से गांधी मैदान की ओर जाने वाले वाहनों को उत्तर दिशा में आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा. जरूरत के अनुसार ट्रैफिक को मंदिरी नाला की तरफ मोड़कर अशोक राजपथ की दिशा में भेजा जाएगा. गायघाट से अशोक राजपथ होते हुए गांधी मैदान आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा केवल कारगिल चौक तक पहुंच सकेंगे. वहां से उन्हें वापस गायघाट की तरफ लौटाया जाएगा.

पटना स्टेशन से डाकबंगला का रास्ता रहेगा प्रभावित

पटना स्टेशन से डाकबंगला चौराहा जाने वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा. ऐसे वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजने की व्यवस्था की गई है. आर ब्लॉक के ऊपर और नीचे से आने वाले व्यावसायिक वाहनों को आयकर गोलंबर की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी.मछुआ टोली से बारीपथ होते हुए ठाकुरबाड़ी मोड़ तक ऑटो और ई-रिक्शा चल सकेंगे, लेकिन उन्हें गांधी मैदान या बाकरगंज की दिशा में आगे नहीं जाने दिया जाएगा.

हड़ताली मोड़ और बोरिंग रोड पर भी बदलाव

हड़ताली मोड़ से आयकर गोलंबर की ओर आने वाले वाहनों को रोककर अटल पथ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा. बोरिंग रोड क्रॉसिंग से आयकर गोलंबर जाने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी. यहां से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को वापस बोरिंग रोड की दिशा में भेजा जाएगा.यातायात व्यवस्था संभालने के लिए प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा. यात्रियों को सलाह दी गई है कि घर से निकलने से पहले बदली हुई यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर वैकल्पिक मार्ग चुनें.

 

TagsBihar