पटना (PATNA): बिहार में पेंशन डे के अवसर पर राज्य सरकार ने पेंशनधारियों के लिए बड़ी सौगात दी है. राज्य सरकार ने पेंशनधारियों के खातों में पेंशन की राशि ट्रांसफर की. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि भेजी है. सरकार के अनुसार, इस पहल के तहत डेढ़ करोड़ से अधिक पेंशनधारियों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है. ऐसे में त्योहारों से पहले लभुकों को राशि भेजना बड़ी राहत की खबर है, अब बुजुर्ग भी दिल खोलकर दुर्गा पूजा का आनंद लेंगे.
बता दें, पटना में पेंशन डे कार्यक्रम का आयोजन किया गया जहां सीएम सम्राट के साथ साथ कई नेता मौजूद हुए. इस दौरान प्रत्येक पेंशनधारी के खाते में 1,100 रुपये की राशि भेजी गई. राज्य सरकार प्रत्येक महीने की 10 तारीख को पेंशनधारियों के खाते में 1,100 रुपये की राशि भेजती है. सरकार का कहना है कि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में राशि भेजने से लाभार्थियों को समय पर पेंशन मिलती है और भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहती है.
इधर, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार पेंशनधारियों को हर महीने की 10 तारीख को पेंशन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की आर्थिक स्थिति चाहे जैसी भी हो, पेंशन भुगतान की व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पेंशनधारियों के हित में लगातार काम कर रही है और आने वाले समय में उनके कल्याण के लिए और भी कई योजनाएं एवं कार्यक्रम लाए जाएंगे.
