☰
Bihar

ICAR पटना में संरक्षण कृषि पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न, बेहतर फसल उत्पादन के गुर सीख किसान हुए खुश

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना में बामेती, पटना द्वारा प्रायोजित “सतत् फसल उत्पादन हेतु संरक्षण कृषि एवं फसल अवशेष प्रबंधन” विषय पर आयोजित तीन दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया. 25 से 27 नवम्बर तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बिहार के नालंदा, पटना, कैमूर, रोहतास एवं बक्सर जिलों के कुल 27 किसानों ने भाग लिया. प्रशिक्षण के दौरान किसानों को संरक्षण कृषि की नवीन एवं उपयोगी तकनीकों, फसल अवशेषों के वैज्ञानिक प्रबंधन तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया. विशेष रूप से मृदा की उर्वरता एवं संरचना में सुधार, मिट्टी में नमी बनाए रखने, मृदा अपरदन की रोकथाम, कृषि लागत में कमी तथा जल एवं ऊर्जा संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर दिया गया. किसानों को बिहार की स्थानीय कृषि परिस्थितियों एवं समेकित कृषि प्रणाली के अनुरूप संरक्षण कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया.

प्राकृतिक संसाधनों का कृषि के लिए संरक्षण जरूरी

इस अवसर पर संस्थान के कार्यकारी निदेशक डॉ आशुतोष उपाध्याय ने भूमि एवं जल संसाधनों के समुचित प्रबंधन तथा संरक्षण कृषि के विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डाला. उन्होंने कृषि कार्यों में समयबद्धता के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि समय पर कृषि गतिविधियों का संचालन बेहतर फसल उत्पादन एवं संसाधनों के कुशल उपयोग के लिए आवश्यक है. उन्होंने किसानों से प्रशिक्षण में प्राप्त वैज्ञानिक जानकारियों को अपने खेतों में अपनाने तथा अन्य किसानों को भी इन तकनीकों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने का आह्वान किया. उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को कृषि की दीर्घकालिक उत्पादकता, खाद्य सुरक्षा एवं किसानों की आर्थिक स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण बताया.

कृषि प्रणाली म अन्य घटकों का करें अधिकतम उपयोग

प्रशिक्षण के पाठ्यक्रम निदेशक डॉ संजीव कुमार ने बिहार की समेकित कृषि प्रणाली के विभिन्न मॉडलों में संरक्षण कृषि एवं संसाधन संरक्षण तकनीकों के समावेश पर व्याख्यान दिया. उन्होंने कहा कि फसल उत्पादन के साथ कृषि प्रणाली के अन्य घटकों को जोड़कर उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जा सकता है. इससे न केवल कृषि उत्पादन प्रणाली की स्थिरता बढ़ती है, बल्कि किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाएं भी मजबूत होती हैं.

संरक्षण कृषि की भूमिका बेहतर फसल के लिए अहम

इस अवसर पर सामाजिक-आर्थिक एवं प्रसार के प्रभागाध्यक्ष डॉ उज्ज्वल कुमार ने कृषि के विकास में वैज्ञानिक तकनीकों के प्रसार, किसानों की जागरूकता तथा कृषि संबंधी नवाचारों को खेतों तक पहुंचाने के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने किसानों को वैज्ञानिकों से निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारियों का व्यावहारिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया. वहीं, पाठ्यक्रम निदेशक डॉ राकेश कुमार ने सतत् धान-गेहूं उत्पादन प्रणाली में संरक्षण कृषि की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन, संसाधन संरक्षण आधारित कृषि पद्धतियों तथा धान-गेहूं फसल चक्र में इनके प्रभावी उपयोग के बारे में बताया. उन्होंने रेखांकित किया कि संरक्षण कृषि तकनीकों को अपनाकर मृदा स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ उत्पादन प्रणाली को अधिक टिकाऊ बनाया जा सकता है.

किसानों ने कहा व्यवहारिक समझ हुआ विकसित

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागी किसानों को संस्थान के प्रक्षेत्र का भ्रमण कराया गया. इस दौरान उन्होंने संरक्षण कृषि एवं फसल अवशेष प्रबंधन से संबंधित विभिन्न तकनीकों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया तथा उनके व्यावहारिक उपयोग, कार्यान्वयन की प्रक्रिया एवं संभावित लाभों के बारे में वैज्ञानिकों से जानकारी प्राप्त की. इस प्रायोगिक सत्र से किसानों को प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकों को अपने खेतों में अपनाने की व्यावहारिक समझ विकसित करने का अवसर मिला.

किसानों ने कहा 'दी गई उपयोगी जानकारी'

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रशिक्षण में प्राप्त तकनीकी एवं प्रायोगिक जानकारियों को उपयोगी बताया. उन्होंने विश्वास जताया कि सीखी गई तकनीकें टिकाऊ फसल उत्पादन, कृषि लागत में कमी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सहायक होंगी. इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए. किसानों ने प्रशिक्षण के आयोजन के लिए संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वैज्ञानिक डॉ अभिषेक कुमार ने किया. प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ संतोष कुमार, डॉ प्रेम कुमार सुंदरम, डॉ पवनजीत, डॉ कुमारी शुभा, डॉ गौस अली सहित संस्थान के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.