Bihar

यह हर माता-पिता की लड़ाई है... सोनम वांगचुक के अनशन पर खेसारी लाल यादव का समर्थन ! पढ़िये पीके पर क्या कहा

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
यह हर माता-पिता की लड़ाई है... सोनम वांगचुक के अनशन पर खेसारी लाल यादव का समर्थन ! पढ़िये पीके पर क्या कहा

पटना (PATNA): भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता और हाल ही में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किए गए खेसारी लाल यादव ने सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी.उन्होंने सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल आंदोलन, राजनीति, प्रशांत किशोर, लालू प्रसाद यादव की सेहत और स्मार्ट सिटी जैसे कई अहम विषयों पर अपनी बात रखी.सोनम वांगचुक के आंदोलन को लेकर खेसारी लाल यादव ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की लड़ाई नहीं है, बल्कि देश के हर उस माता-पिता की लड़ाई है, जो अपने बच्चों के बेहतर भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित है.

सभी लोगों को समर्थन करना चाहिए-खेसारी लाल 

खेसारी लाल यादव ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर उठाई जा रही आवाज का सभी लोगों को समर्थन करना चाहिए. समाज के हर वर्ग को इस आंदोलन के प्रति संवेदनशील होना चाहिए और सकारात्मक सोच के साथ आगे आना चाहिए.राजनीति पर बोलते हुए खेसारी लाल यादव ने चुनावी रणनीतिकार और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर एक पढ़े-लिखे और दूरदर्शी नेता है.देश और विधानसभा को ऐसे जनप्रतिनिधियों की जरूरत है, जो शिक्षा, विकास और आम जनता के हितों को प्राथमिकता दें.उन्होंने कहा कि जनता को किसी के प्रचार या प्रभाव में आकर नहीं, बल्कि उम्मीदवार की सोच, कार्यशैली और क्षमता को देखकर मतदान करना चाहिए.

लालू प्रसाद यादव के खराब स्वास्थ्य पर जताई चिंता

खेसारी लाल यादव ने खुद को कम पढ़ा-लिखा बताते हुए कहा कि उनकी इच्छा है कि अधिक से अधिक शिक्षित और योग्य लोग सदन तक पहुंचें, ताकि वे प्रदेश और देश के हित में बेहतर नीतियां और फैसले ले सकें. उनका मानना है कि मजबूत लोकतंत्र के लिए सक्षम और दूरदर्शी नेतृत्व बेहद जरूरी है.राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की सेहत को लेकर भी खेसारी भावुक नजर आए.उन्होंने कहा कि लालू यादव जल्द पूरी तरह स्वस्थ हों, यही उनकी कामना है. उन्होंने कहा, जब तक मैं जिंदा हूं, लालू जी का आशीर्वाद मेरे ऊपर बना रहे, यही मेरी सबसे बड़ी इच्छा है.स्मार्ट सिटी के मुद्दे पर खेसारी लाल यादव ने कहा कि यदि देश और प्रदेश की विधानसभाओं में स्मार्ट, ईमानदार और समझदार लोगों को भेजा जाएगा, तो शहरों का विकास अपने आप तेज होगा. उन्होंने कहा कि अच्छे नेतृत्व से ही बेहतर व्यवस्था और विकसित समाज का निर्माण संभव है.