टीएनपी डेस्क(TNP DESK):बिहार सरकार की ओर से राज्य के विश्वविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन भुगतान के लिए बड़ी खबर सामने आई है जहां सरकार की ओर से 1127 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं. इस राशि से जून, जुलाई और अगस्त महीने के बकाया वेतन और पेंशन का भुगतान किया जाएगा. इसके साथ ही इसमें गेस्ट शिक्षकों के मानदेय की राशि भी शामिल है.आपको बता दें कि इस फैसले से राज्य के शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन और पेंशन के भुगतान का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है. सरकार की ओर से जारी की गई राशि नियमावली के अनुसार शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन के साथ सेवानिवृत्त हो चुके शिक्षकों को पेंशन के भुगतान में इस्तेमाल की जाएगी.
विश्वविद्यालयों को राशि जारी करने की प्रक्रिया पूरी
आपको बता दें कि उच्च शिक्षा विभाग के उपसचिव शिशिर कुमार मिश्रा ने सभी विश्वविद्यालयों को राशि जारी करने की प्रक्रिया पूरी कर दी है. उन्होंने कुलसचिवों को पत्र भेजकर शिक्षकों, कर्मचारियों के वेतन और पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. इस पत्र में विश्वविद्यालयों को उनकी आवश्यकता के आधार पर अलग-अलग राशि आवंटित की गई है.
किस यूनिवर्सिटी को कितनी मिली राशि
अब चलिए आपको बता देते हैं कि किस विश्वविद्यालय को कितनी राशि मिली है. तो आपको बता दें कि पटना विश्वविद्यालय को 77.65 करोड़ रुपये, मगध विश्वविद्यालय को 162.03 करोड़ रुपये, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय को 162.15 करोड़ रुपये, जय प्रकाश विश्वविद्यालय को 77.61 करोड़ रुपये, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय को 105.14 करोड़ रुपये, बीएन मंडल विश्वविद्यालय को 84.76 करोड़ रुपये, तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय को 80.86 करोड़ रुपये, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को 165.22 करोड़ रुपये, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय को 40.66 करोड़ रुपये, मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय को 3.03 करोड़ रुपये, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय को 102.72 करोड़ रुपये, पूर्णिया विश्वविद्यालय को 27.86 करोड़ रुपये और मुंगेर विश्वविद्यालय को 37.65 करोड़ रुपये की राशि मिली है.
आपको बता दें कि सरकार की ओर से जो राशि जारी की गई है उसमें सबसे अधिक ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को 165.22 करोड़ रुपये मिले हैं. वहीं मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय को 3.03 करोड़ रुपये सरकार की ओर से आवंटित किए गए हैं.आपको बता दें कि सरकार की ओर से जारी इस राशि से वैसे शिक्षक जिनका 3 महीने से वेतन रुका हुआ है उनको जून, जुलाई और अगस्त का वेतन और पेंशन का भुगतान कर दिया जाएगा.
