पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राज्य की कानून व्यवस्था और विकास योजनाओं को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं तथा अधिकारियों को भी बराबर निर्देश देते हैं. इसी कड़ी में सीएम सम्राट राज्य के सभी जिले के अधिकारियों से सीधी बातचीत करेंगे. इस मुलाकात के दौरान जिलों में सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे साथ ही लोगों तक लाभ पहुंचाने को लेकर कई निर्देश भी देंगे. सीएम सम्राट ने दो दिवसीय हाई लेवल इस बैठक के लिए अधिकारियों को पटना बुलाया है. शनिवार को सीएम सम्राट खुद सचिवालय परिसर स्थित अधिवेशन भवन में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे.
मिली जानकारी के अनुसार, इस दो दिवसीय बैठक में सभी विभागों के सचिव, सभी जिलों के डीएम, एसपी, आईजी, डीआईजी, पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और एसएसपी भी शामिल होंगे. इसके अलावा प्रमंडलीय आयुक्त भी शामिल होंगे. इन अधिकारियों से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को सीधे तौर पर बातचीत करेंगे.
बैठक के एजेंडा के बारे में बताया जा रहा है कि इसमें मुख्यमंत्री जिलों में विकास योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी लेंगे. सरकार का उद्देश्य है कि योजनाओं का फायदा सिर्फ कागजों तक ही सीमित ना रहे बल्कि दूर-दूर तक गांवों में रह रहे लोगों तक आसानी से पहुंचे. दोनों दिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बैठक में मौजूद रहेंगे और अधिकारियों से योजनाओं के बारे में जानकारी लेंगे. किसी तरह की आ रही बाधा को दूर करने पर भी चर्चा की जाएगी. इस दौरान सीएम अपराध नियंत्रण समेत अन्य योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा कर सकते हैं.