Bihar

पटना में तेजप्रताप यादव के सरकारी आवास से लाखों की चोरी, PA पर गंभीर आरोप

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) :  राजद नेता तेजप्रताप यादव ने अपने सरकारी आवास से 20 लाख रुपये नकद और कई कीमती सामान चोरी होने का आरोप लगाया है. इस मामले में उन्होंने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय के खिलाफ सचिवालय थाना में एफआईआर दर्ज कराई है. तेजप्रताप का कहना है कि उनका सहायक नकदी, सोने के गहने, लैपटॉप, मोबाइल और अन्य सामान लेकर फरार हो गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

करीब 20 लाख रुपये नकद चोरी

तेजप्रताप यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उनके सरकारी आवास 42, हार्डिंग रोड से करीब 20 लाख रुपये नकद चोरी हो गए हैं. उन्होंने दावा किया है कि यह राशि पार्टी फंड की थी, जो घर में रखी अलमारी में सुरक्षित रखी गई थी.

एफआईआर के अनुसार, नकदी के अलावा कई महंगे सामान भी गायब हैं. इनमें 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आई पैड, एक MacBook लैपटॉप, एक लिनोवो लैपटॉप और चार आई फोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन शामिल हैं.

जल्द कार्रवाई करने की मांग

तेजप्रताप यादव ने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय पर इन सामानों को लेकर फरार होने का आरोप लगाया है. उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए सचिवालय थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की घटना कब और कैसे हुई. साथ ही आरोपी की तलाश भी की जा रही है.

राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज

इस घटना के सामने आने के बाद बिहार की राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है. क्योंकि मामला एक बड़े राजनीतिक परिवार से जुड़ा हुआ है और चोरी में बड़ी रकम के साथ कई कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के गायब होने की बात कही गई है.

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

TagsBihar