पटना: दुर्गा पूजा के साथ ही बिहार में अब ठंड ने अपनी आहट दे दी है. राज्य के मौसम में साफ बदलाव देखने को मिल रहा है. एक तरफ जहां सुबह और शाम तापमान में गिरावट देखी जा रही है तो दूसरी तरफ दिन के समय में धूप की वजह से गर्मी महसूस हो रही है. मौसम विभाग के द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार रात और दिन के तापमान में 10 से 15 डिग्री तक का अंतर दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, आज राज्य का न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. पूरे दिन आसमान भी साफ रहने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही मौसम शुष्क बना रहेगा.
मौसम वैज्ञानिकों की माने तो, राज्य में अभी कोई भी मौसमी सिस्टम एक्टिव नहीं है. लेकिन 22 से 28 अक्टूबर के बीच दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण हो सकता है. इससे कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है. इसके साथ ही दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और लक्षद्वीप के आसपास भी मौसमी हलचल बढ़ सकता है, जिससे मौसम में बदलाव की संभावना है. लेकिन उसका असर बिहार में पड़ने को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान की माने तो, बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम में कुछ खास बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है. अगले 27 अक्टूबर तक किसी भी जिले में अलर्ट जारी नहीं किया गया है. सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड महसूस होगी. लेकिन मौसम पूरे दिन शुष्क ही बने रहने की संभावना जताई गई है. बारिश की गतिविधियां भी थमी हुई रहेगी.
पटना में मौसम की बात करें तो, जिले में गुरुवार को मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है. लेकिन दोपहर में हल्की गर्मी लग सकती है. आज राजधानी का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. बारिश को लेकर किसी भी हिस्से में चेतावनी जारी नहीं की गई है.