पटना: शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और नए एसीएस सीके अनिल ने बुधवार को समीक्षा बैठक की. बैठक में विभाग को लेकर कई फैसले लिए गए. समीक्षा बैठक के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने प्रेस वार्ता भी किया. प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूरी जानकारी दी. इस दौरान उन्होंने शिक्षकों के ट्रांसफर प्रक्रिया दुबारा शुरू किए जाने की भी जानकारी दी. शिक्षा मंत्री ने कहा कि अब राज्य के शिक्षकों को जल्द ही अपने मनपसंद जगहों पर जाने का मौका मिलेगा.
समायोजन एवं समानुपातीकरण
शिक्षा मंत्री ने बताया कि एमएलसी चुनाव को लेकर लागू आचार संहिता की वजह से शिक्षकों का स्थानांतरण प्रक्रिया रुक गया था. अब इसे दुबारा शुरू किया जाएगा. उन्होंने बताया कि वैसे 14 जिले जहां समायोजन या समानुपातीकरण की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हुई थी वहां जिला स्थापना समिति की बैठक कर शिक्षकों का समायोजन एवं समानुपातीकरण पूर्ण कर अंतिम सूची 9 से 14 नवंबर तक प्रकाशित कर दी जाएगी. इसके बाद 17 से 25 नवंबर के बीच राज्य स्थापना समिति की बैठक कर शिक्षकों का समायोजन और समानुपातीकरण की सूची जारी की जाएगी तथा अपीलों का निष्पादन किया जाएगा.
पारस्परिक स्थानांतरण
शिक्षा मंत्री ने बताया कि ऐसे 14 जिले जहां शिक्षकों का पारस्परिक स्थानांतरण प्रक्रिया पूर्ण नहीं की गई थी, वहां जिला स्थापना समिति की बैठक कर 9 से 14 नवंबर तक पारस्परिक स्थानांतरण किया जाएगा. इसके साथ ही 17 से 25 नवंबर तक प्रमंडल और राज्य स्तर पर स्थापना समिति की बैठक कर पारस्परिक स्थानांतरण किया जाएगा.
सामान्य स्थानांतरण
समायोजन तथा पारस्परिक स्थानांतरण के बावजूद अगर किसी स्कूल में स्थान रिक्त रहता है तो उसकी सूची 27 नवंबर तक प्रकाशित की जाएगी तथा 30 नवंबर से 7 दिसंबर तक शिक्षक स्थानांतरण के लिए वरीयता के आधार पर स्कूलों के विकल्प का चयन करेंगे. जिसके बाद 8 से 31 दिसंबर के बीच जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर पर सामान्य स्थानांतरण की सूची प्रकाशन, प्रकाशन पर अपील और निष्पादन किया जाएगा.