टीएनपी डेस्क: बिहार को राजनीतिक रूप से परिपक्व तो कहा ही जाता है, लेकिन बिहार में कोई भी राजनीतिक अथवा सामाजिक या पारिवारिक कार्यक्रम हो, खबरें वहां से निकलकर बाहर आ ही जाती है. अब देखिए ना, सोमवार को आठ विधान परिषद सदस्यों ने शपथ ग्रहण किया , लेकिन एक मौका ऐसा आया जब विधायक प्रशांत किशोर मुख्य द्वार पर ही ठिठक गए थे. उसके बाद तो मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का भी ध्यान टूटा और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को सम्मान की कुर्सी मिली। इस पूरे कार्यक्रम में कुर्सी और कुर्सी की चर्चा होती रही.
समारोह के समय कौन -कौन बैठे थे सीएम के पास
जिस वक्त समारोह चल रहा था, उस वक्त मंच पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उनके बगल में उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव और बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव बैठे थे. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मंच के नीचे लगी कुर्सी पर बैठे नजर आये. उसके बाद विधायक प्रशांत किशोर की एंट्री हुई. तेजस्वी यादव को नीचे बैठा देख प्रशांत किशोर कुछ समय के लिए सभागार के दरवाजे पर ही ठिठक गए. इसके बाद सबका ध्यान टूटा, मुख्यमंत्री ने तुरंत सक्रियता दिखाई। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष पद की गरिमा और प्रोटोकॉल का ध्यान किया। मुख्यमंत्री ने मंत्री रामकृपाल यादव को उनकी कुर्सी से उठवाया और तेजस्वी यादव को मंच पर लगी कुर्सी पर बैठाने का इंतजाम किया।
प्रशांत किशोर को कहाँ मिली जगह
लोग बताते हैं कि जब प्रशांत किशोर को मुख्य द्वार पर मुख्यमंत्री ने खड़ा देखा, तो रामकृपाल यादव को कुर्सी छोड़ने का संदेश भिजवा दिया। रामकृपाल यादव जब मंच पर लगी कुर्सी छोड़कर उठे , तब वहां मौजूद एक सुरक्षा कर्मी ने तेजस्वी यादव को मंच पर आने का आग्रह किया। तेजस्वी यादव इसके बाद वहां से उठकर मंच पर आए, फिर प्रशांत किशोर तेजस्वी यादव की कुर्सी की तरफ बढ़े तो एक सुरक्षा कर्मी ने कुर्सी पर लगा स्टीकर हटाया और प्रशांत किशोर सभी का अभिवादन करते हुए इस कुर्सी पर बैठ गए, जिस पर तेजस्वी यादव बैठे थे. यानी तेजस्वी यादव की सीट प्रशांत किशोर को दी गई और तेजस्वी यादव के लिए मंत्री की कुर्सी खाली कराई गई.
