पटना(PATNA) : बिहार में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक भाई वीरेंद्र ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध लगातार बढ़ रहा है और आए दिन हत्या समेत अन्य आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं. ऐसे में राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
बिहार पुलिस “गश्ती नहीं, मटरगश्ती कर रही है.”
भाई वीरेंद्र ने खास तौर पर डायल-112 पुलिस सेवा की कार्यशैली पर सवाल उठाया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार पुलिस “गश्ती नहीं, मटरगश्ती कर रही है.” उनका आरोप है कि पुलिस की सक्रियता और जवाबदेही में कमी के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है. राजद विधायक ने कहा कि विपक्ष की जिम्मेदारी सरकार को उसकी कमियों के प्रति सचेत करना है. राजद आगे भी अपराध और कानून-व्यवस्था के मुद्दे को मजबूती से उठाता रहेगा. मुख्यमंत्री से उन्होंने उम्मीद जताई कि अपराध पर नियंत्रण के लिए सरकार ठोस और प्रभावी कदम उठाएगी.
शराबबंदी कानून की समीक्षा की भी मांग
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की ओर से युवाओं को रोजगार देने के वादे पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि अगर कोई युवाओं को नौकरी और रोजगार देता है तो उसका स्वागत होना चाहिए. हालांकि उन्होंने कहा कि पहले रोजगार देकर दिखाया जाए उसके बाद दावों पर चर्चा की जाएगी. भाई वीरेंद्र ने बिहार में शराबबंदी कानून की समीक्षा की भी मांग की. उन्होंने कहा कि शराबबंदी लागू करने से पहले व्यापक स्तर पर सर्वेक्षण नहीं कराया गया था और इसके परिणाम आज सामने आ रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि शराब तस्करी पर पूरी तरह रोक नहीं लग सकी है. सीमावर्ती इलाकों से शराब की खेप बिहार पहुंचने के मामले लगातार सामने आते हैं.
उनका कहना है कि बड़ी मात्रा में शराब की तस्करी हो रही है, लेकिन कार्रवाई कुछ मामलों में ही दिखाई देती है. उन्होंने सरकार से शराबबंदी की मौजूदा स्थिति की समीक्षा कर तस्करी रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग की.
