पटना (PATNA): राजधानी पटना में बन रहे मीठापुर-चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर परियोजना का शुक्रवार को पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने निरीक्षण किया.इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों व निर्माण एजेंसी को तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया.सचिव ने मीठापुर फ्लाईओवर से चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर (करबिगहिया होते हुए) को जोड़ने वाले पहुंच पथ और दोनों ओर बन रही सर्विस लेन का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए काम समय पर पूरा किया जाए.
परियोजना की कुल लंबाई 1,730 मीटर
करीब 292.74 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस परियोजना की कुल लंबाई 1,730 मीटर है. यह फ्लाईओवर आर-ब्लॉक गोलंबर, जीपीओ गोलंबर, मीठापुर गोलंबर और करबिगहिया स्टेशन होते हुए कंकड़बाग तक जाएगी. इसके बन जाने से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही काफी आसान हो जाएगी.विभाग के अनुसार, परियोजना में नींव का काम पूरा हो चुका है. वहीं सब-स्ट्रक्चर, सुपर-स्ट्रक्चर और एप्रोच रोड का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है.पहले चरण में जीपीओ गोलंबर से पुराने बस स्टैंड तक का काम जुलाई 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि पूरी परियोजना दिसंबर 2026 तक पूरी होने की संभावना है.
अधिकारियों को मानसून शुरू होने से पहले सभी संभावित बाधाओं को दूर करने का निर्देश
सचिव ने अधिकारियों को मानसून शुरू होने से पहले सभी संभावित बाधाओं को दूर करने का निर्देश भी दिया, ताकि बारिश के कारण निर्माण कार्य प्रभावित न हो.फ्लाईओवर के तैयार होने के बाद करबिगहिया स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी साथ ही मीठापुर-महुली फ्लाईओवर से आने वाले वाहनों को पटना शहर में आने-जाने के लिए तेज और सुगम मार्ग उपलब्ध होगा.यह परियोजना मीठापुर गोलंबर को सीधे NH-30 बाईपास से भी जोड़ेगी, जिससे बाहरी वाहनों को शहर के भीड़भाड़ वाले रास्तों से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा.
