पटना (PATNA): बिहार में सड़क संपर्क को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल कच्ची दरगाह–बिदुपुर 6-लेन महासेतु जल्द ही राज्य की कनेक्टिविटी को नया आयाम देने वाला है. गंगा नदी पर तैयार हो रहे इस विशाल पुल से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है. करीब 5,000 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना आधुनिक इंजीनियरिंग और बेहतर सड़क नेटवर्क का अहम उदाहरण बनेगी.
9.76 किलोमीटर लंबा है मुख्य पुल
पथ निर्माण विभाग की निगरानी में बीएसआरडीसीएल द्वारा तैयार किए जा रहे कच्ची दरगाह–बिदुपुर 6-लेन पुल की लंबाई करीब 9.76 किलोमीटर है. पहुंच पथों को जोड़ने के बाद पूरी परियोजना लगभग 19.30 किलोमीटर लंबी हो जाती है. एक्स्ट्राडोज्ड केबल तकनीक से तैयार किए गए इस पुल को कुल 67 पिलरों का सहारा दिया गया है. परियोजना के पूरा होने से पटना और आसपास के क्षेत्रों का उत्तर बिहार के कई जिलों से सड़क संपर्क अधिक सुविधाजनक हो जाएगा. विशेष रूप से समस्तीपुर की ओर जाने वाले यात्रियों और व्यावसायिक वाहनों के लिए नया विकल्प उपलब्ध होगा.
पटना के ट्रैफिक दबाव में कमी की उम्मीद
महासेतु का एक बड़ा फायदा राजधानी पटना में वाहनों के दबाव को कम करने के रूप में सामने आ सकता है. उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मिलने से शहर के व्यस्त रास्तों पर ट्रैफिक का बोझ घटने की उम्मीद है. पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल के अनुसार, यह परियोजना बिहार में तेजी से विकसित हो रहे आधारभूत ढांचे की महत्वपूर्ण कड़ी है. पुल के शुरू होने के बाद वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही बेहतर होगी. इसका फायदा कृषि उत्पादों की ढुलाई, स्थानीय कारोबार और विभिन्न जिलों के बीच माल परिवहन को भी मिल सकता है.
पटना रिंग रोड और आमस-दरभंगा मार्ग से होगा जुड़ाव
कच्ची दरगाह–बिदुपुर महासेतु की उपयोगिता केवल गंगा पार करने तक सीमित नहीं रहेगी. इसे पटना रिंग रोड और आमस-दरभंगा मार्ग की कनेक्टिविटी से भी जोड़ा जाना है. इससे राजधानी के आसपास एक व्यापक सड़क नेटवर्क विकसित करने में मदद मिलेगी. दानापुर, दीघा, शिवाला, बिहटा, कन्हौली, डुमरी, नयागांव, तेलवारीचक, कच्ची दरगाह और सबलपुर जैसे क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने से पटना के चारों ओर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.
