☰
Bihar

सरकार ने राज्य के 11 डॉक्टर को किया बर्खास्त, सम्राट की पेपरलेस कैबिनेट बैठक में 34 प्रस्तावों पर लगी मुहर

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक की गई. बैठक में कुल 34 एजेंडों को स्वीकृति दी गई तो एक और अहम बात रही कि बैठक पूरी तरह से पेपरलेस थी. कैबिनेट की बैठक में पटना की पेयजल व्यवस्था, ग्राम कचहरियों का बजट, सड़क चौड़ीकरण, औद्योगिक विकास और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अहम फैसले शामिल हैं. सरकार ने पटना की जलापूर्ति परियोजना के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं. वहीं, ग्राम कचहरियों के सालाना प्रशासनिक खर्च में छह गुना बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है. कैबिनेट ने पटना की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है. इस राशि से शहर के 75 वार्डों में जलापूर्ति व्यवस्था विकसित की जाएगी. योजना के तहत 2.18 लाख से अधिक घरों तक पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य है.

ग्राम कचहरी को मिलेगी अधिक राशि

राज्य की ग्राम कचहरियों को अब प्रशासनिक खर्च के लिए पहले से छह गुना अधिक राशि मिलेगी. फिलहाल प्रत्येक ग्राम कचहरी को सालाना चार हजार रुपये दिए जाते हैं. इसे एक अप्रैल 2027 से बढ़ाकर 24 हजार रुपये करने का निर्णय लिया गया है. इस फैसले से ग्राम कचहरियों को रोजमर्रा के प्रशासनिक कामकाज में आर्थिक मदद मिलेगी.  बिहार में आर्थिक सुधारों और विकास को गति देने के लिए आर्थिक सलाहकार परिषद गठित की जाएगी. यह परिषद सरकार को नीतिगत फैसलों में सहयोग करेगी. इसका उद्देश्य अर्थव्यवस्था में संरचनात्मक सुधार करना और लगातार ऊंची आर्थिक वृद्धि हासिल करना है.

फरवरी में होगा बिहार बिजनेस कनेक्ट

बिहार की सांस्कृतिक विरासत, विकास की उपलब्धियों और निवेश की संभावनाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए 'बिहार है तैयार' अभियान शुरू होगा. बिहार फाउंडेशन के माध्यम से इस अभियान को चलाया जाएगा. वहीं, उद्योग विभाग फरवरी 2027 में बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 का आयोजन करेगा. इसके जरिए राज्य में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देने की कोशिश होगी.

पटना में बनेगा आइकॉनिक ट्रेड सेंटर

स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे 11 डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया है. इसके अलावा पटना में बिहार संग्रहालय के सामने नेहरू पथ और मैंगल्स रोड स्थित भूखंड पर आइकॉनिक ट्रेड सेंटर और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा. इसके निर्माण के लिए एनबीसीसी का चयन नामांकन के आधार पर किया गया है. कैबिनेट ने झंझारपुर पथ प्रमंडल के तहत 39.21 किलोमीटर लंबी मधेपुर-भूपट्टी सड़क के चौड़ीकरण के लिए 192.94 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं.

औद्योगिक विकास के लिए नालंदा और समस्तीपुर में होगा जमीन अधिग्रहण

बिहार में सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योग लगाने वालों को भी राहत दी गई है. प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की अवधि 31 मार्च 2027 तक बढ़ाने का फैसला लिया गया है. इस योजना के तहत निवेश पर 35 फीसदी तक अनुदान मिल सकेगा. औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए नालंदा और समस्तीपुर में जमीन अधिग्रहण के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है. नालंदा में 564 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए 382 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. वहीं, समस्तीपुर में 480 एकड़ जमीन के अधिग्रहण पर 261 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.