☰
Bihar

रविवार की शाम लाल रौशनी से जगमगाया मुख्य सचिवालय - बापू टावर समेत अन्य सरकारी भवन, जानें क्या है कारण...

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: राजधानी पटना में रविवार की शाम मुख्य सचिवालय, बापू टावर और विधानमंडल को लाल रौशनी से रोशन किया गया. यह पहल बिहार के भवन निर्माण विभाग की तरफ से की गई थी. जानकारी दी गई कि विभाग ने डिस्लेक्सिया जागरूकता माह के अवसर पर जागरूकता बढ़ाने के लिए यह पहल की. इस पहल का उद्देश्य डिस्लेक्सिया एवं अन्य विशिष्ट अधिगम अक्षमताओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, भ्रांतियों को दूर करना तथा समावेशी समाज के निर्माण को प्रोत्साहित करना है.

क्या है डिस्लेक्सिया

डिस्लेक्सिया एक विशिष्ट अधिगम अक्षमता है, जिसके कारण किसी व्यक्ति को पढ़ने, लिखने या वर्तनी समझने में कठिनाई हो सकती है. इसका अर्थ बुद्धिमत्ता, प्रतिभा या क्षमता की कमी नहीं है. समय पर पहचान, उचित शैक्षणिक सहयोग और समावेशी वातावरण मिलने पर डिस्लेक्सिया से प्रभावित व्यक्ति अपनी क्षमताओं का पूरा विकास कर सकते हैं. 

सचिव ने कहा

भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने बताया कि रविवार की शाम 7 बजे से 8 बजे तक बापू टावर, बिहार विधान मंडल, पुराना सचिवालय, विकास भवन और विश्वेश्वरैया भवन को लाल लाइट से रोशन किया गया. भवन निर्माण विभाग का यह महत्वपूर्ण कदम डिस्लेक्सिया के प्रति जागरूकता, समझ और सहयोग का प्रतीक है. इस पहल के माध्यम से ऐसा समाज बनाने की दिशा में योगदान देना है, जहाँ सीखने के अलग-अलग तरीकों को समझा जाए, बच्चों को अलग तरीके से सीखने के कारण किसी प्रकार का लेबल न दिया जाए और प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें.

TagsBihar