पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज राज्य के अक्टूबर महीने की सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभुकों के खाते में डीबीटी के माध्यम से राशि ट्रांसफर करेंगे. सीएम सम्राट राज्य के 1.9 करोड़ वृद्धजन पेंशन, निःशक्तता पेंशन, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तता पेंशन और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के लाभुकों के खाते में 1205.91 करोड़ रूपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजेंगे. राशि ट्रांसफर के दौरान बिहार के दोनों उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी तथा विजेंद्र यादव समेत समाज कल्याण मंत्री डॉ श्वेता गुप्ता भी मौजूद रहेंगी. सीएम सम्राट के द्वारा भेजी जाने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि जरूरतमंदों को छठ पर्व से ठीक पहले बड़ी सौगात के रूप में देखी जा रही है.
बता दें कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपए से बढ़ा कर 1100 रुपए किया था साथ ही उन्होंने घोषणा की थी कि अब यह राशि प्रत्येक महीने के 10 तारीख को लाभुकों के खाते में ट्रांसफर की जाएगी. लाभुकों के खाते में राशि ट्रांसफर की शुरुआत भी नीतीश कुमार ने की थी जिसे अब वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी आगे बढ़ा रहे हैं.
प्रत्येक महीने के 10 तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि लाभुकों के खाते में पहुंचने से लोगों को बहुत ही सुविधाएं मिल रही है. यह राशि खास कर गरीब परिवार के लोगों के लिए वरदान की तरह साबित हो रही है. वहीं इस महीने में छठ महापर्व से ठीक पहले यह राशि मिलना उन परिवारों के लिए एक बड़ा तोहफा के रूप में माना जा रहा है.