पटना (PATNA): बड़ी खबर राजधानी पटना से है जहां एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. हालांकि घटना में किसी तरह के जानमाल का नुकसान होने की खबर नहीं है लेकिन एक बहुत खतरा के रूप में सामने आया है. बताया जा रहा है कि गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि डिवाइडर से टकराने के बाद एक तरफ से उछल कर दूसरी तरफ पहुंच गई. घटना में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं बताया जा रहा है कि कार में सवार दो युवक मौके से फरार हो गए. घटना अटल पथ पर महेशनगर के समीप की है.
काफी तेज थी कार की रफ्तार
मामले में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार दीघा की तरफ से काफी तेज रफ्तार में आ रही थी. इस दौरान अचानक कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई. डिवाइडर से टकराने के बाद कार उछल कर दूसरी तरफ जा गिरी. बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार में दो युवक सवार थे जो कि फरार हो गए. घटना के कुछ देर बाद कार सवार युवकों का कोई परिचित घटनास्थल पर पहुंचा और उसने कार का नंबर प्लेट तोड़ दिया. कार का नंबर प्लेट तोड़े जाने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है.
पुलिस ने सड़क से हटाई कार
घटना की जानकारी मिलने के बाद गांधी मैदान थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और कार को सड़क से हटवाया तथा छानबीन में जुट गई है. बता दें कि अटल पथ पर अक्सर तेज रफ्तार की वजह से दुर्घटनाएं सामने आती रहती है.