पटना: बंगाल की खाड़ी से शुरू हुए चक्रवात अर्नब का असर अब बिहार में भी दिखने लगा है. राजधानी पटना समेत कई जिलों में देर रात से बूंदाबांदी शुरू हो गई है. हालांकि मौसम बुधवार शाम से खराब होने लगा था लेकिन देर रात से बूंदाबांदी शुरू हो गई. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बिहार के छह जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इनमें भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर और बक्सर शामिल हैं. इन इलाकों में तेज बारिश से निचले क्षेत्रों में पानी जमा होने की आशंका है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है.
मौसम विभाग ने राज्य के 20 जिलों पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, पटना, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा और गया के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि पटना में चक्रवात का असर देखने को मिल सकता है. यहां तेज बारिश के साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है.
बारिश और तेज हवा ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. धान की खड़ी फसल को नुकसान पहुंच सकता है. केले, पपीते और दूसरे पेड़-पौधों पर भी तेज हवा का असर पड़ सकता है. बता दें कि चक्रवाती तूफान अर्नब ने 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यानम के तट को पार किया था. उस समय हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे थी. तट पार करने के बाद तूफान कमजोर हुआ है. इसके अगले 48 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना जताई गई है. हालांकि, इसके प्रभाव से बिहार में बारिश का दौर जारी रह सकता है.