TNPDESK:बाढ़ अनुमंडल में गंगा नदी में मछली मारने को लेकर दो गुट में विवाद हो गया. बात नोक झोंक से शुरू हुई और गोली बारी तक पहुँच गई. जिसमें एक मल्लाह को गोली लगी है.जबकि तीन अन्य लोगों की लाठी डंडे से पिटाई की गई.घटना के बाद घायलों को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जबकि पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद पुलिस तहकीकात में जुटी है. अस्पताल पहुँच कर घायल का बयान भी लिया है. पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों की जल्द गिरफ़्तरी की जाएगी.
दरअसल मामला बाढ़ अनुमंडल के नवादा गांव का है. जहां हथियारबंद बदमाशों ने मछली मारने को लेकर एक मल्लाह को गोली मार दी. बदमाशों ने लाठी डंडों से हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया, जिनका इलाज बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है.
बताया जा रहा है कि केवल सहनी सुबह पांच बजे मछली मारने के लिए गंगा नदी में जाल डाले हुए थे.उनके साथ दो नाव पर सवार सात से आठ लोग मछली मारने गए थे. आरोप है कि इसी बीच प्रिंस मुखिया नामक बदमाश के कुछ लोग पहुंचे. और उन्हें गंगा में मछली मारने से रोक दिया.
पीड़ित का आरोप है कि प्रिंस मुखिया के दो दर्जन से अधिक लोग हथियार और लाठी डंडों से लैश होकर दियारा पहुंचे थे.पहुंचते ही लोगों ने गाली गलौज शुरू किया. इसके बाद गंगा नदी में मछली मारने से रोक दिया. विवाद बढ़ने पर सहनी पर गोली चला दी. गोली उसके दाहिने हाथ में जाकर लगी. गोली चलने के बाद अफरा तफरी मच गई. वहीं अन्य मल्लाहों को लाठी डंडों से मारकर भगा दिया. घटना के बाद बदमाश अपने साथ उनका नाव भी लेकर चले गए.
