पटना (PATNA) : बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने छात्र आंदोलन को लेकर बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन के दौरान जो छात्र घायल हुए, चोटिल हुए या जेल गए, अगर भविष्य में बिहार में उनकी सरकार बनती है तो ऐसे सभी छात्रों को पेंशन देने का काम किया जाएगा.
पूरे मामले की न्यायिक जांच कराई जाए
तेजस्वी यादव ने कहा कि छात्र आंदोलन के दौरान सरकार के रवैये से लोग नाराज थे. उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के भारी दबाव के कारण राज्य सरकार को अपना फैसला वापस लेना पड़ा. हालांकि उन्होंने कहा कि केवल फैसला वापस लेना पर्याप्त नहीं है. उनकी पार्टी की मांग है कि पूरे मामले की न्यायिक जांच कराई जाए ताकि आंदोलन के दौरान हुई सभी घटनाओं की सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो.
सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में है और पार्टी के सभी कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच जाकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं. उनका दावा है कि बिहार की जनता भाजपा से नाराज है और इस बार बदलाव चाहती है. उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का समर्थन उनकी पार्टी को मिल रहा है और चुनाव में इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा.
भाजपा जनता के गुस्से को समझ चुकी है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने दावा किया कि प्रधानमंत्री एक पुल के उद्घाटन के बहाने विधानसभा उपचुनाव वाले क्षेत्र में आने वाले थे, लेकिन जनता के आक्रोश को देखते हुए उनका कार्यक्रम रद्द कर दिया गया. उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के गुस्से को समझ चुकी है.
पेंशन देने का वादा पूरा किया जाएगा
तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी. उन्होंने दोहराया कि छात्र आंदोलन में प्रभावित हुए युवाओं के साथ न्याय किया जाएगा और यदि उनकी सरकार बनती है तो आंदोलन के दौरान घायल हुए और जेल गए छात्रों को पेंशन देने का वादा पूरा किया जाएगा.
