पटना (PATNA): बिहार में बाढ़ से लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है. कई जगह किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ा है. इसे लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने मांग की है कि बाढ़ या सूखे से प्रभावित किसानों को 15 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाए. इसके साथ ही उन्होंने बिहार को राष्ट्रीय आपदा क्षेत्र घोषित करने की मांग की है.
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा. उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री बिहार से कब तक घृणा करते रहेंगे. तेजस्वी का कहना है कि इस समय बाढ़ से परेशान लोगों और किसानों को मदद की जरूरत है और सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए.
सम्राट चौधरी पर भी साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी घेरा. उन्होंने कहा कि बिहार में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बना है, लेकिन उनके पास बिहार के लिए कोई विजन नहीं है. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार बिहार के हित में जरूरी कदम नहीं उठा रही है.
उन्होंने बिहार से आने वाले केंद्रीय मंत्रियों को लेकर भी नाराजगी जताई. तेजस्वी ने कहा कि बिहार से सात केंद्रीय मंत्री हैं, लेकिन इसके बाद भी राज्य के लोगों को इसका कोई खास फायदा नहीं मिल रहा है.
वेतन देने के ऐलान पर भी कसा तंज
एनडीए के विधायकों और सांसदों के बाढ़ राहत के लिए अपना वेतन देने के ऐलान पर भी तेजस्वी ने तंज कसा. उन्होंने कहा कि इससे करीब तीन से चार करोड़ रुपये ही जमा होंगे. उन्होंने दावा किया कि इस तरह की शुरुआत सबसे पहले उनकी तरफ से की गई थी.
तेजस्वी ने चुनाव को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि चुनाव से पहले प्रधानमंत्री बिहार आएंगे तो सरकारी पैसे से रैली की जाएगी और लोगों को 10 हजार रुपये देकर वोट प्रभावित करने की कोशिश होगी. तेजस्वी ने कहा कि बाढ़ के समय दिखावा करने के बजाय सरकार को सीधे प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचानी चाहिए.