Bihar

भरत तिवारी हत्याकांड पर तेजस्वी यादव का बड़ा हमला, बोले- अपराधियों को मिल रहा संरक्षण

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) :  भरत तिवारी हत्याकांड को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि इस मामले में हुई कार्रवाई सिर्फ दिखावा है. तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है और आरोपी पुलिस अधिकारी को डीएसपी पद पर प्रोन्नति देना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है.

कोई सार्वजनिक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया

मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी हैं. उन्होंने दावा किया कि इस मामले की जानकारी बड़े अधिकारियों ने पहले ही गृह मंत्री को दे दी थी और उनके निर्देश पर ही एनकाउंटर किया गया. हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई सार्वजनिक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया.

पदोन्नति देकर गलत संदेश देती है

तेजस्वी यादव ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में आरोपी पुलिस अधिकारी को डीएसपी पद पर प्रोन्नति दिए जाने पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ कार्रवाई का दिखावा करती है, वहीं दूसरी तरफ आरोपों से जुड़े अधिकारियों को पदोन्नति देकर गलत संदेश देती है.

निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करती

उन्होंने कहा कि अगर सरकार वास्तव में अपराध के खिलाफ सख्त होती, तो निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करती. लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है. उनके मुताबिक राज्य में अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है और कानून का राज कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है.

समय आने पर इसका जवाब देगी

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी. उन्होंने सरकार से मांग की कि भरत तिवारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों पर बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाए.

इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. विपक्ष लगातार सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है, जबकि सरकार की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है. आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी माहौल और गर्म होने की संभावना है.

 

TagsBihar