Bihar

फेक एनकाउंटर पर गरजे तेजस्वी यादव, बोले- बिहार में कानून व्यवस्था ध्वस्त, CM सम्राट चौधरी मांगें seमाफी

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
फेक एनकाउंटर पर गरजे तेजस्वी यादव, बोले- बिहार में कानून व्यवस्था ध्वस्त, CM सम्राट चौधरी मांगें seमाफी

पटना (PATNA) : बिहार की राजधानी पटना में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरा एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार सरकार और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि यह फेक एनकाउंटर है और राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह खराब हो चुकी है. तेजस्वी ने सरकार पर भ्रष्टाचारियों को बचाने, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने और जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया. साथ ही उन्होंने रोशन आनंद के भाई की मौत की सीबीआई जांच की मांग दोहराई.

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव  ने आरा एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि आरा में हुआ एनकाउंटर फर्जी था और इससे पहले भी राज्य में कई फेक एनकाउंटर हो चुके हैं. तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है.

पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि कई लोगों की हत्या पुलिस थानों के अंदर हुई है, लेकिन सरकार कार्रवाई करने के बजाय दोषियों को बचाने में लगी है. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का खजाना खाली हो चुका है और भ्रष्टाचार को संरक्षण दिया जा रहा है. कई बड़े लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें बचाने की कोशिश कर रही है.

तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में पुलिस की गोली सिर्फ युवाओं की छाती पर चल रही है. किसान, मजदूर और छात्र सभी परेशान हैं, जबकि सरकार केवल घोषणाएं करने में व्यस्त है. उन्होंने कहा कि जब उन्होंने महिलाओं को रोजगार योजना के तहत आर्थिक सहायता देने के बारे में सवाल उठाया, तो उनकी सुरक्षा तक छीन ली गई और सरकारी आवास भी बदल दिया गया.

NEET परीक्षा को लेकर भी नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकार एक परीक्षा भी सही ढंग से आयोजित नहीं करा पा रही है. परीक्षा के संचालन के लिए एयरफोर्स तक की मदद लेनी पड़ रही है. उन्होंने पेपर लीक मामलों में बड़े लोगों की संलिप्तता के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के कई नेता भी बड़े लोगों को बचाने की बात कह चुके हैं. हालांकि उन्होंने NEET परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्रों को शुभकामनाएं दीं और सरकार से परीक्षा प्रणाली को लेकर गंभीरता दिखाने की मांग की.

शराबबंदी कानून पर भी तेजस्वी यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि इसके नाम पर केवल उगाही की जा रही है. वहीं रोशन आनंद के भाई की मौत के मामले में उन्होंने एक बार फिर सीबीआई जांच की मांग दोहराई. आरा एनकाउंटर प्रकरण पर उन्होंने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि पुलिस ने मृतक के माता-पिता और भाई-बहनों पर भी मुकदमा दर्ज कर दिया, जिसका जवाब सरकार को देना चाहिए.