Bihar

बिहार में बढ़ते अपराध पर तेजस्वी यादव का हमला, बोले- कानून व्यवस्था पूरी तरह बर्बाद

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार में अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रोहतास जिले के दिनारा के लिए रवाना हुए हैं. यहां चंदेश्वर चौधरी की हत्या के बाद तेजस्वी यादव पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे. रवाना होने से पहले उन्होंने बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला और राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए.

बिहार में अपराधियों का बोलबाला है

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अपराधियों का बोलबाला है और कानून व्यवस्था पूरी तरह से बर्बाद हो गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को बचाने और संरक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि चंदेश्वर चौधरी के परिवार के लोग पिछड़े समाज से आते हैं और मजदूरी मांगने गए थे लेकिन उनकी हत्या कर दी गई. तेजस्वी यादव ने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मिलेंगे और आर्थिक सहायता भी देंगे. उन्होंने बताया कि परिवार के लोगों से उनकी फोन पर बातचीत पहले ही हो चुकी है, लेकिन अब वह व्यक्तिगत रूप से मिलने जा रहे हैं.

अपराध के साथ भ्रष्टाचार भी चरम पर है

नेता प्रतिपक्ष ने सम्राट चौधरी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में अपराध के साथ भ्रष्टाचार भी चरम पर है. उन्होंने छात्रों पर गोली चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. तेजस्वी ने वेतन और पेंशन के मुद्दे को लेकर भी सरकार को घेरा और आरोप लगाया कि राज्य का खजाना खाली हो गया है.

सरकार स्वतंत्र रूप से फैसले नहीं ले रही

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार की सरकार पटना से नहीं बल्कि दिल्ली से चल रही है. उन्होंने मुख्यमंत्री को ‘रबर स्टैंप मुख्यमंत्री’ बताते हुए कहा कि सरकार स्वतंत्र रूप से फैसले नहीं ले रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्ट अधिकारियों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है. तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ गई हैं और अपराधियों को संरक्षण देने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

 

TagsBihar