☰
Bihar

आनंद मोहन मामले में तेजस्वी ने नीतीश समेत JDU - BJP पर साधा निशाना, अनंत सिंह का भी लिया नाम

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: लोकसभा चुनाव से महज कुछ महीने पहले ही आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक बाहुबली नेता को सरकार ने जेल से रिहा कर दिया था. उस वक्त भी बिहार की राजनीति में बड़ी हलचल हुई थी और एक बार फिर उसी मामले में बिहार की राजनीति गर्म होती दिख रही है. इस मामले में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत जदयू और भाजपा पर जोरदार निशाना साधा है. तेजस्वी यादव ने बाहुबली नेताओं को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की है. दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया हत्याकांड में आरोपी पूर्व बाहुबली सांसद आनंद मोहन की रिहाई को असंवैधानिक बताते हुए एक महीने के अंदर सरेंडर करने का आदेश दिया है.

तेजस्वी ने जदयू - भाजपा पर लगाए आरोप

अब इस मामले में मीडिया से बात करते हुए राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत जदयू और भाजपा पर जोरदार निशाना साधा है. तेजस्वी यादव ने कहा कि जदयू और भाजपा लोगों को अपनी जरूरत के अनुसार इस्तेमाल करती है. नीतीश कुमार कहते हैं कि हम न किसी को बचाते और न किसी को फंसाते हैं जबकि वह अपने फायदे के लिए फंसाते भी हैं और बचाते भी हैं.

तेजस्वी ने अनंत सिंह का भी लिया नाम

तेजस्वी यादव ने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का नाम भी लिया और कहा कि वही बिहार पुलिस ने पहले कहा थे कि एके 47 बरामद हुआ है फिर कह दिया कि नहीं बरामद हुआ है. तो ये लोग अपनी सहूलियत के हिसाब से फंसाते भी हैं और बचाते हैं. अनंत सिंह हों या आनंद मोहन इसी षड्यंत्र के शिकार हैं. तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने पहले भी कहा है कि विश्वास मत के दौरान छल करने वाले कभी चैन से नहीं बैठेंगे, वहीं आज हो भी रहा है.

जदयू ने कहा न्यायपालिका का फैसला शिरोधार्य

वहीं दूसरी तरफ जदयू ने इसे न्यायपालिका का फैसला बता कर स्वागत किया है. जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह वरिष्ठ नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि कोर्ट के फैसले पर हमारी पार्टी ने कभी कोई टीका टिप्पणी नहीं की है. न्यायपालिका के हर फैसले का हम स्वागत करते हैं और इस मामले में भी निर्णय को हम शिरोधार्य करते हैं.