पटना: केंद्र की सरकार ने 30 नवंबर को लोकसभा तथा 2 दिसंबर को राज्यसभा की विशेष सत्र बुलाई है. इसके साथ ही शुक्रवार को मोदी कैबिनेट में संविधान संशोधन और परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी है. माना जा रहा है कि केंद्र की सरकार ने दोनों सदनों में विधेयक पास करवाने के लिए समीकरण बैठाते हुए एक बार फिर पेश करेगी. हालांकि बिल पास करवाने के लिए जरूरी दो तिहाई बहुमत का आंकड़ा अभी एनडीए के पास नहीं है लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि क्राॅस वोटिंग किया जाएगा. परिसीमन बिल को लेकर विपक्ष एक बार फिर एकजुटता दिखाने की कोशिश में जुट गई है और शनिवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर इंडिया गठबंधन की अहम बैठक बुलाई है. बैठक में शामिल होने के लिए राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव भी दिल्ली पहुंचे हैं.
सरकार सभी दलों से बैठ कर करती बात
दिल्ली जाने से पहले पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने एक बार फिर अपना स्टैंड क्लियर किया. तेजस्वी यादव ने कहा कि परिसीमन विधेयक को लेकर हम अपने पुराने स्टैंड पर अड़े हुए हैं. हमलोग सदन में इसका एक बार फिर जोरदार विरोध करेंगे. तेजस्वी ने कहा कि सरकार के लिए बेहतर होता कि सभी दलों को बुला कर साथ बैठ कर चर्चा करते. तेजस्वी यादव ने परिसीमन बिल का स्टालिन के समर्थन के सवाल पर कहा कि सबका अपना दल है, उनका निर्णय होगा, हमारा अपना दल है, हमारा अपना निर्णय होगा.
ये लोग इस्तीफा देने वाले कहां हैं
इस दौरान तेजस्वी यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी मंत्री अशोक चौधरी के सहायक प्राध्यापक के पद से इस्तीफा दिए जाने के सवाल पर कहा कि लगता है कि उन्होंने अपनी गलती मान ली है. वरना ये लोग इस्तीफा देने वाले कहां हैं.
बता दें कि केंद्र की सरकार विशेष सत्र के दौरान परिसीमन विधेयक पेश करेगी. इसे लेकर कांग्रेस ने विपक्षी दलों की एक बैठक बुलाई है. बैठक में शामिल होने के लिए राजद, सपा, जेएमएम, आप, समेत अन्य सभी विपक्षी दलों को भी आमंत्रित किया है. हालांकि विशेष सत्र की घोषणा से पहले ही शरद पवार की पार्टी ने सरकार को समर्थन का भरोसा दिया है जबकि इंडिया गठबंधन का घटक दल जेएमएम ने अब तक अपना रुख साफ नहीं किया है.