Bihar

पार्ट टाइम पॉलिटिक्स करते हैं तेजस्वी, छात्र आंदोलन पर संजय झा का बड़ा हमला

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सिवान AK-47 मामले और छात्रों के आंदोलन को लेकर बिहार सरकार का पक्ष रखा है. उन्होंने कहा कि सिवान में हुई घटना पर बिहार सरकार ने तुरंत कार्रवाई की और संबंधित व्यक्ति को सस्पेंड किया गया. सरकार ने इस मामले में जो भी जरूरी कार्रवाई संभव थी वह की गई है.

छात्रों से जुड़ी समस्याओं को लेकर केंद्र और बिहार सरकार गंभीर

संजय झा ने कहा कि छात्रों से जुड़ी समस्याओं को लेकर केंद्र और बिहार सरकार गंभीर है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी छात्रों पर दर्ज मामलों को खत्म करने की बात कही है. उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं को सुन रही है और उनके समाधान के लिए कदम उठाए जा रहे हैं. छात्रों के महाआंदोलन को लेकर संजय झा ने कहा कि आंदोलन करना छात्रों का अधिकार है.अगर छात्रों की कोई समस्या या मांग है तो वे अपनी बात सरकार के सामने रख सकते हैं. सरकार उनकी बात पर जरूर ध्यान देगी और समस्या का समाधान करने का प्रयास करेगी. उन्होंने दावा किया कि बिहार में जितनी बहाली हुई है, उतनी बहाली किसी दूसरे राज्य में नहीं हुई है.

संजय झा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा

इस दौरान संजय झा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव “पार्ट टाइम पॉलिटिक्स” करते हैं। जब छात्रों से जुड़ी समस्या देशभर में उठी थी, उस समय तेजस्वी यादव विदेश में थे. अब जब छात्रों की समस्याएं सुनी जा चुकी हैं और समाधान की दिशा में कदम उठाए गए हैं, तब आंदोलन करने का क्या कारण है? संजय झा ने राजद की स्थिति को लेकर भी हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी यादव की पार्टी बिखरने के कगार पर है और पार्टी अब उनके नियंत्रण में नहीं दिख रही है. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को आंदोलन की राजनीति करने के बजाय अपनी पार्टी की स्थिति पर भी ध्यान देना चाहिए.

 

TagsBihar