Bihar

तेज प्रताप यादव का सम्राट सरकार पर हमला, बाढ़ से लेकर कानून-व्यवस्था और आंदोलनों तक उठाए सवाल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना (PATNA): जनशक्ति जनता दल के संरक्षक और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने राज्य में बाढ़ की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार के कई इलाकों में बाढ़ से लोग परेशान हैं, लेकिन मुख्यमंत्री हवाई दौरे कर रहे हैं. तेज प्रताप यादव ने कहा कि वह बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए खुद राहत सामग्री लेकर जाएंगे. उन्होंने सरकार से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज करने की मांग की. तेज प्रताप ने कहा कि संकट की इस घड़ी में आम लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए.

तेज प्रताप यादव ने अपने पूर्व सचिव से जुड़े मामले का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने दावा किया कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज होने के बावजूद वह खुलेआम घूम रहा है और कुछ राजनीतिक लोगों का उसे समर्थन मिल रहा है. तेज प्रताप ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं. उन्होंने पुलिस से मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेज प्रताप ने देश में मौजूदा हालात पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि कई जगहों पर आंदोलन चल रहे हैं और इनमें छात्रों के आंदोलन की संख्या ज्यादा है. उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों और अन्य आंदोलनों से जुड़े मामलों को गंभीरता से देखने और आवश्यक कदम उठाने की अपील की.

दिल्ली में बिहार सरकार के एक मंत्री की कथित पिटाई के मामले पर भी तेज प्रताप यादव ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के एक होटल में महिला स्टाफ के साथ कथित छेड़छाड़ के मामले को संजय सिंह ने 25 लाख रुपये देकर दबाने की कोशिश की. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. तेज प्रताप ने अपने पूर्व पार्टी महासचिव मोतीलाल पर भी ओटीटी शो रुकवाने के लिए ओटीटी प्लेटफॉर्म से संपर्क करने का आरोप लगाया. उन्होंने संजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि वह उन्हें जान से मरवाना चाहते हैं. इसके साथ ही तेज प्रताप ने मांझी पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए. प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेज प्रताप ने बिहार सरकार से लेकर केंद्र सरकार तक कई मुद्दों पर अपनी नाराजगी जाहिर की.

TagsBihar