सहरसा: बिहार में भ्रष्ट सरकारी कर्मियों के विरुद्ध लगातार और ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है. इसी कड़ी में एक बार फिर विशेष निगरानी इकाई ने बड़ा कदम उठाया है. विशेष निगरानी इकाई की टीम ने पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता के कई ठिकानों पर छापेमारी की है. बताया जा रहा है कि अधीक्षण अभियंता विजय कुमार पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है जिसके बाद अब एसवीयू ने उनके कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है. एसवीयू की टीम इंजीनियर के सहरसा स्थित आवास और कार्यालय सहित पटना और औरंगाबाद में भी छापेमारी कर रही है और उनके द्वारा अर्जित संपत्ति की छानबीन कर रही है.
10 लाख नकद बरामद
जानकारी के अनुसार एसवीयू की टीम पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के सहरसा स्थित कार्यालय और आवास के साथ ही राजधानी पटना के महेश नगर और गोला रोड स्थित ठिकानो के साथ ही औरंगाबाद में छापेमारी कर रही है. जानकारी के अनुसार उनके ठिकाने से अब तक एसवीयू की टीम ने करीब 10 लाख रुपए नकद बरामद किया है जबकि अभी गहनता से छानबीन जारी है.
गहनता से छानबीन जारी
बता दें कि पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आने के बाद निगरानी एजेंसी ने यह कार्रवाई की है. फिलहाल एसवीयू की ओर से तलाशी और दस्तावेजों के सत्यापन की कार्रवाई जारी है. बरामद नकदी के स्रोत और अन्य संभावित संपत्तियों के संबंध में जांच की जा रही है. हालांकि, अभी तक बरामदगी और संपत्ति के कुल मूल्य को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.