☰
Bihar

मोकामा में मतदान के बीच भिड़े अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थक, पुलिस ने 6 को लिया हिरासत

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव को लेकर सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया है. मतदान के पहले से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार और विधायक अनंत सिंह के बीच सियासी कहासुनी तो चल ही रहा था अब बूथ पर भी समर्थक आपस में भिड़ गए. मामला बाहुबली विधायक अनंत सिंह के गढ़ मोकामा का है जहां विधायक अनंत सिंह और प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थक आपस में उलझ गए. हालांकि घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को हिरासत में लिया है. जानकारी के अनुसार अनंत स‍िंह के समर्थक राजेश स‍िंह और नीरज कुमार के समर्थक राहुल रंजन के बीच बहस हुई. जब मामला बढ़ा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही डीएसपी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को हटाया. इतना ही नहीं, इस दौरान 6 लोगों को हिरासत में भी लिया गया है. पूरे मामले को शांत कराया गया.

शुक्रवार को सुबह एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार मोकामा के लिए रवाना हुए थे. लेकिन इससे पहले उन्होंने विक्ट्री का साइन दिखाया था. इससे पहले चुनाव प्रचार के दौरान कई बार नीरज कुमार जीत के दावे कर चुके हैं. इस बार के एमएलसी चुनाव में पटना स्नातक हॉट सीट मानी जा रही है. यहां से जनता किसे एमएलसी चुनती है, इस पर नजर बनी हुई है. बता दें कि पिछले दिनों नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच विवाद देखने के लिए मिला. अनंत सिंह चुनाव में खुद की पार्टी जेडीयू के प्रत्याशी नीरज कुमार के बजाय जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं. अनंत सिंह ने कई तरह के आरोप नीरज कुमार पर लगाए. दूसरी तरफ, नीरज कुमार ने अनंत सिंह के आरोपों से इनकार किया.

TagsBihar