Bihar

बिहार में छात्र 24x7 शिक्षकों से पूछ सकेंगे सवाल, सरकार ने की विद्या साथी की शुरुआत, पढ़िये कैसे करेगा काम

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

पटना(PATNA):बिहार सरकार ने छात्रों की पढ़ाई को आसान बनाने के लिए ‘विद्या साथी’ कार्यक्रम शुरू किया है. इसके तहत बिहार के 38 जिलों के 700 मॉडल स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 3 लाख विद्यार्थियों को 24 घंटे पढ़ाई में मदद मिलेगी. छात्र जब चाहें, ऐप के जरिए लाइव शिक्षकों से अपने सवाल पूछ सकेंगे और किसी विषय को समझने में परेशानी होने पर अपना डाउट भी दूर कर सकेंगे. कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को इसका लाभ मिलेगा, जबकि 11वीं और 12वीं के विज्ञान वर्ग के छात्रों को JEE और NEET की तैयारी के लिए भी डिजिटल स्टडी मटेरियल और शिक्षकों की मदद मिलेगी.

24 घंटे मिलेगा गुरु का साथ

विद्या साथी के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. कक्षा 9वीं और 10वीं के सभी विद्यार्थियों के साथ-साथ कक्षा 11वीं और 12वीं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को लाइव ट्यूटर सपोर्ट मिलेगा. इसके अलावा विद्यार्थियों को बिहार बोर्ड के साथ JEE और NEET की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी. खास बात यह है कि कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को JEE और NEET की तैयारी के लिए अतिरिक्त शैक्षणिक सहायता मिलेगी.सरकार की ओर से बताया गया है कि 700 मॉडल विद्यालयों के विद्यार्थियों को विद्या साथी ऐप से जोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है. इस ऐप के माध्यम से विद्यार्थियों को 24 घंटे लाइव शिक्षकों की सुविधा मिलेगी. यदि किसी छात्र को किसी विषय को समझने में परेशानी होती है या किसी सवाल को लेकर डाउट रहता है, तो वह लाइव शिक्षक से संपर्क कर अपने सवाल का समाधान प्राप्त कर सकेगा. इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान आने वाली समस्याओं का समाधान समय पर मिल सकेगा और उन्हें अपनी तैयारी जारी रखने में मदद मिलेगी.

JEE और NEET की तैयारी करने वाले छात्रों को होगा लाभ

विद्या साथी कार्यक्रम के तहत विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए JEE और NEET के पाठ्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग भी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही है. इन वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई कराई जाएगी. मॉडल विद्यालयों में टीवी और स्मार्ट बोर्ड के जरिए भी इन शैक्षणिक वीडियो का उपयोग किया जाएगा. इसके अलावा विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों से संबंधित PDF अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी. इससे विद्यार्थी जरूरी नोट्स तैयार कर सकेंगे और अपनी पढ़ाई को बेहतर तरीके से दोहरा सकेंगे.

बिहार के 700 मॉडल स्कूलों में शुरू होगा कार्यक्रम

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पहल की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. उन्होंने कहा कि बच्चा जहां भी और जब भी पढ़े, उसके सवाल का जवाब और शिक्षक का सहयोग उसके साथ होना चाहिए. ‘विद्या साथी’ इसी सोच के साथ शुरू किया जा रहा है. सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समान अवसर मिले. 700 मॉडल विद्यालयों से शुरू होने वाला यह कार्यक्रम करीब 3 लाख विद्यार्थियों के लिए 24×7 शैक्षणिक सहायता का माध्यम बनेगा. इसके जरिए विद्यार्थियों को स्कूल की पढ़ाई के साथ JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलने की उम्मीद है.

TagsBihar