Bihar

पटना में उग्र हुआ छात्रों का आंदोलन, CM आवास घेराव के दौरान चला वाटर कैनन, कई हिरासत में

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

पटना(PATNA):पेपर लीक और रोजगार की मांग को लेकर मंगलवार को राजधानी पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया. मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने इनकम टैक्स गोलंबर और जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग की थी. इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हल्की झड़प हुई. प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की.स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. इसके बावजूद कई छात्र सड़क पर डटे रहे, जबकि कुछ प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर विरोध जताने लगे. पुलिस अधिकारियों ने उन्हें हटाने का प्रयास किया.

 CM आवास घेराव के दौरान चला वाटर कैनन

प्रदर्शन में शामिल NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ सड़क पर लेट गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम भी छात्रों के समर्थन में बैरिकेडिंग पर चढ़कर प्रदर्शन करते नजर आए.इस दौरान पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने छात्रों के समर्थन में सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.

NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम को हिरासत में

बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम को हिरासत में ले लिया. पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं.

TagsBihar