पटना (PATNA): बिहार की सियासत में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर जारी चर्चाओं के बीच जनता दल यूनाइटेड (JDU) में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. पटना स्थित नीतीश कुमार के आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई. इस दौरान केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने नीतीश कुमार से मुलाकात की. बताया जा रहा है कि नेताओं के बीच करीब 45 मिनट तक बातचीत चली. बैठक खत्म होने के बाद नीतीश कुमार और ललन सिंह 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास से एक साथ बाहर निकले. इस मुलाकात को मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
UCC को लेकर चर्चा तेज
यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब बिहार के राजनीतिक गलियारों में UCC को लेकर लगातार चर्चा हो रही है. ऐसे में नीतीश कुमार और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई बातचीत ने राजनीतिक हलचल को और बढ़ा दिया है. हालांकि बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसे लेकर पार्टी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
18 सितंबर को JDU की बड़ी बैठक
JDU ने 18 सितंबर को एक महत्वपूर्ण बैठक भी बुलाई है. इसके साथ ही पार्टी के विधानमंडल दल की बैठक होने की बात सामने आई है. माना जा रहा है कि इन बैठकों में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के साथ पार्टी से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा हो सकती है. लगातार हो रही बैठकों के कारण बिहार की राजनीति में JDU को लेकर अटकलों का दौर तेज हो गया है. खास तौर पर UCC से जुड़े घटनाक्रम के बीच पार्टी की आगामी रणनीति पर राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है.
