Bihar

RJD स्थापना दिवस पर तेजस्वी यादव बोले-लालू जी सिर्फ नाम नहीं, एक विचारधारा हैं

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
RJD स्थापना दिवस पर तेजस्वी यादव बोले-लालू जी सिर्फ नाम नहीं, एक विचारधारा हैं

पटना (PATNA) : राष्ट्रीय जनता दल के 30वें स्थापना दिवस पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि राजद सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और संघर्ष की विचारधारा है. तेजस्वी ने लालू प्रसाद यादव के योगदान को याद करते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया.

1997 में लालू प्रसाद यादव ने की थी स्थापना

तेजस्वी यादव ने कहा कि वर्ष 1997 में लालू प्रसाद यादव ने राजद की स्थापना की थी. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं. उनका पूरा राजनीतिक जीवन वंचितों, गरीबों और पिछड़ों के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित रहा है.

उसे आज तक कोई दोहरा नहीं सका

उन्होंने कहा कि कई लोगों ने समय-समय पर लालू प्रसाद यादव को राजनीति से हटाने की कोशिश की, लेकिन वे हर चुनौती का मजबूती से सामना करते हुए और मजबूत होकर आगे बढ़े. तेजस्वी ने दावा किया कि लालू प्रसाद ने जो काम समाज के लिए किया है उसे आज तक कोई दोहरा नहीं सका.

गरीबों के हितों के लिए संघर्ष करती रही है

तेजस्वी यादव ने कहा कि आज जो लोग लालू प्रसाद पर टिप्पणी करते हैं, उनमें से कई उनके राजनीतिक स्कूल से ही निकले हैं. उन्होंने कहा कि राजद ने अनेक नेताओं को आगे बढ़ाने का काम किया है और पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय तथा गरीबों के हितों के लिए संघर्ष करती रही है.

दिखा सकें कि वे भाजपा के सबसे बड़े नेता हैं

उन्होंने भाजपा नेता सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे लगातार लालू प्रसाद पर टिप्पणी कर रहे हैं ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह दिखा सकें कि वे भाजपा के सबसे बड़े नेता हैं.

राजद कोई दुकान नहीं, बल्कि संघर्ष करने वाली पार्टी

अपने संबोधन में तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद कोई दुकान नहीं, बल्कि संघर्ष करने वाली पार्टी है. 30 वर्षों के लंबे सफर में किसी में इतनी ताकत नहीं हुई कि इस संगठन को तोड़ सके. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और लालू प्रसाद यादव की विचारधारा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया. उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी आने वाले समय में भी सामाजिक न्याय और जनता के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी.