Bihar

जमुई घटना पर बोले मंत्री श्रवण कुमार- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, कानून के तहत होगी सख्त कार्रवाई

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ हुई कथित छेड़छाड़ और मारपीट की घटना को लेकर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने घटना को दुखद और शर्मनाक बताते हुए कहा कि सरकार और पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है. दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा.

एनकाउंटर की मांग पर क्या बोले मंत्री?

राष्ट्रीय जनता दल की ओर से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एनकाउंटर से जुड़े सवाल पर श्रवण कुमार ने कहा कि सरकार कानून के दायरे में काम करती है. जांच में जो साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे. श्रवण कुमार ने कहा कि ऐसी घटना का कोई भी व्यक्ति समर्थन नहीं कर सकता. विपक्ष यदि महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहा है तो सरकार भी चाहती है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

महिला सुरक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता पर जोर

मंत्री ने कहा कि छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार कई स्तर पर काम कर रही है. महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सहित सुरक्षा से जुड़े दूसरे उपाय किए जा रहे हैं. हालांकि, उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि केवल कानून के जरिए ऐसी घटनाओं को पूरी तरह रोकना संभव नहीं है. उनके मुताबिक सरकार के साथ समाज को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी. लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने और सामाजिक स्तर पर महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर संवेदनशीलता बढ़ाने की जरूरत है.

मुख्यमंत्री के बिहार दौरे पर प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित बिहार दौरे से जुड़े सवाल पर श्रवण कुमार ने कहा कि उन्हें इसकी विस्तृत जानकारी नहीं है. हालांकि, मुख्यमंत्री यदि राज्य का दौरा करते हैं और लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनते हैं तो यह अच्छी पहल होगी. उन्होंने कहा कि राज्य की परिस्थितियों को समझने के लिए जनता से सीधा संवाद महत्वपूर्ण है.

अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद पर बोले- पार्टी में ‘ऑल इज वेल’

अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच कथित विवाद से जुड़े सवाल पर मंत्री ने किसी तरह के पार्टी विवाद से इनकार किया. उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर सब कुछ ठीक है. भूमिहीन परिवारों को तीन डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने के सवाल पर श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार में यह कार्यक्रम पहले से चल रहा है. सरकार भूमिहीन परिवारों को जमीन उपलब्ध कराने का लगातार प्रयास करती रही है और आगे भी पात्र लोगों को इसका लाभ देने की दिशा में काम किया जाएगा.

TagsBihar