पटना (PATNA) : पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचते ही वहां अचानक हंगामे की स्थिति बन गई. बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने जदयू के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह को पार्टी में दोबारा शामिल करने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ नाराजगी जताते हुए छोटू सिंह की वापसी की मांग पर अड़े रहे.
जदयू कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया
स्थिति बिगड़ती देख जदयू कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया. जब प्रदर्शनकारी नहीं माने तो पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने की कार्रवाई शुरू की. इस दौरान कुछ देर तक कार्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना रहा.
छोटू सिंह को फिर से जदयू में शामिल करना चाहिए
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि अरविंद कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह लंबे समय से पार्टी के लिए काम करते रहे हैं और उन्हें बिना उचित कारण पार्टी से बाहर कर दिया गया. समर्थकों का आरोप है कि पार्टी नेतृत्व को अपना फैसला वापस लेना चाहिए और छोटू सिंह को फिर से जदयू में शामिल करना चाहिए.
समर्थक जदयू कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया
गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही जदयू ने अरविंद कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया था. इससे पहले बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव पद से भी उन्हें हटा दिया गया था. इन दोनों फैसलों के बाद उनके समर्थकों में लगातार नाराजगी देखी जा रही है. इसी नाराजगी के चलते बड़ी संख्या में समर्थक जदयू कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया.
फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश की जा रही है. हालांकि समर्थक अपनी मांग पर कायम हैं और उनका कहना है कि जब तक छोटू सिंह की पार्टी में वापसी नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा. इस पूरे घटनाक्रम के बाद जदयू के अंदर बढ़ती नाराजगी और राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा तेज हो गई है.
