☰
Bihar

चर्चित टेंडर घोटाला: छः आईएएस अधिकारी ईडी की रडार में, नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार के चर्चित टेंडर घोटाले में मुख्य आरोपी जेल में है तो उसके साथ ही कई आईएएस अधिकारी भी जांच की जद में हैं. इस मामले में एक तरफ कई अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है तो कुछ अभी जेल की हवा खा रहे हैं. अब एक बार फिर मामले की जांच में तेजी आई है और 6 आईएएस अधिकारी अब ईडी के रडार में हैं. ईडी ने सभी को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है. इन छः अधिकारियों में आनंद किशोर, सुनील यादव, अभिलाषा शर्मा, योगेश सागर, संतोष कुमार मल्ल और धर्मेंद्र कुमार शामिल हैं. इनमें अभिलाषा शर्मा और सुनील यादव से पूछताछ हो चुकी है. बाकी अधिकारियों के लिए भी तारीख तय की गई है. किसी ने पूछताछ की तारीख बढ़वाई है, तो किसी को आने वाले दिनों में पेश होना है.

मामले में अब तक आईएएस अभिलाषा शर्मा और सुनील यादव से पूछताछ की जा चुकी है जबकि धर्मेंद्र कुमार से बुधवार को होगी. वहीं योगेश सागर ने अपनी पूछताछ की तारीख आगे बढ़वाया है. वहीं, संतोष कुमार मल्ल को 29 अक्टूबर और आनंद किशोर को 30 अक्टूबर को तलब किया गया है. इन अधिकारियों से पूछताछ के बाद जांच में आगे क्या सामने आता है, इस पर नजर रहेगी. 

मामले में 15 अक्टूबर को पटना हाईकोर्ट में सुनवाई हुई थी. रिशुश्री की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे. अदालत ने कहा था कि रिशुश्री केवल मोहरा है और असली किंगपिन पर्दे के पीछे हैं. कोर्ट की इस टिप्पणी के बाद मामले ने और ध्यान खींचा. अब छः आईएएस अधिकारियों को पूछताछ के लिए बुलाए जाने से जांच का दायरा चर्चा में है. हालांकि, नोटिस जारी होने या पूछताछ के लिए बुलाए जाने का अर्थ अपने आप में किसी अधिकारी के दोषी होने का प्रमाण नहीं है.

रिशुश्री की याचिका पर पटना हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 27 नवंबर को होनी है. इस मामले में अब ईडी की पूछताछ और अदालत में होने वाली सुनवाई, दोनों पर नजर रहेगी. जांच के अगले चरण में क्या तथ्य सामने आते हैं, इससे मामले की आगे की दिशा स्पष्ट हो सकती है.

TagsBihar