Bihar

जनता दरबार में मंत्री श्रवण कुमार ने सुनीं शिकायतें, जमीन विवाद से लेकर भूख हड़ताल तक रखी सरकार की बात

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : जनता दल यूनाइटेड की ओर से हर सप्ताह आयोजित होने वाले जनता दरबार में ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े मामलों की सुनवाई हुई. बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान को लेकर सरकार का पक्ष रखा.

बिहार के विभिन्न जिलों से लोग अपनी शिकायतें लेकर आते हैं

श्रवण कुमार ने कहा कि जनता दरबार में बिहार के विभिन्न जिलों से लोग अपनी शिकायतें लेकर आते हैं. इनमें सबसे अधिक मामले जमीन से जुड़े होते हैं. कई शिकायतों में प्रशासनिक अधिकारियों और अंचल अधिकारियों से संबंधित मामले भी सामने आते हैं. उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई जाती है और जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाता है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है. साथ ही लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाता है.

मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के निर्देश और मार्गदर्शन में जनता दरबार के जरिए आम लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं. सरकार का प्रयास है कि लोगों की शिकायतों पर उचित कार्रवाई हो और उन्हें समाधान मिले.

श्रवण कुमार ने लखीसराय में हुई भगदड़ की घटना पर दुख जताया

इस दौरान श्रवण कुमार ने लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर भी दुख जताया. उन्होंने घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताया. वहीं, पटना के गर्दनीबाग में पिछले करीब 13 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे पीएचडी धारकों के मुद्दे पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने युवाओं से अपनी मांगों को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के सामने रखने की अपील की. श्रवण कुमार ने कहा कि युवाओं में आक्रोश के बजाय शांति होनी चाहिए और उन्हें अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखनी चाहिए.

 

TagsBihar