Bihar

70वीं BPSC में श्रद्धा पांडे अव्वल, शशांक और आयुष टॉप-3 में शामिल

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है. आयोग के अध्यक्ष रवि मनुभाई परमार ने शुक्रवार को रिजल्ट की घोषणा की. यह आयोग के इतिहास की सबसे बड़ी भर्तियों में से एक मानी जा रही है. जिसका इंतजार हजारों अभ्यर्थी लंबे समय से कर रहे थे.

फाइनल रिजल्ट में उत्तर प्रदेश की रहने वाली श्रद्धा पांडे ने 593 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया है. वहीं शशांक गौरव 592 अंकों के साथ दूसरे और आयुष बिजॉय 592 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे. समान अंक होने के बावजूद आयोग के निर्धारित नियमों के आधार पर रैंकिंग तय की गई.

गौरतलब है कि 70वीं बीपीएससी परीक्षा को लेकर काफी विवाद भी हुआ था. पटना के बापू परीक्षा परिसर में परीक्षा के दौरान हंगामे के बाद उस केंद्र की परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित की गई थी. मुख्य परीक्षा 4 जनवरी 2025 को आयोजित हुई थी. इसके बाद प्रारंभिक परीक्षा को रद्द कराने की मांग को लेकर कई महीनों तक आंदोलन चला. इस मामले में अदालतों का भी दरवाजा खटखटाया गया, लेकिन पटना हाईकोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट से भी अभ्यर्थियों को राहत नहीं मिली.

आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई है. उन्होंने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सघन जांच के कारण फर्जी अभ्यर्थियों की एंट्री रोकी गई. इसी वजह से दिव्यांग वर्ग के लिए आरक्षित 8 पद रिक्त रह गए, क्योंकि पात्र अभ्यर्थी चयनित नहीं हो सके.

बीपीएससी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रक्रिया में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए. रिजल्ट जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है, जबकि चयनित उम्मीदवार अब नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं.

 

 

TagsBihar