Bihar

बिहार के बांकीपुर में प्रशांत किशोर के समर्थन में उतरे शत्रुघ्न सिन्हा, X पर पोस्ट कर युवाओं से किया साथ देने का आह्वान

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
बिहार के बांकीपुर में प्रशांत किशोर के समर्थन में उतरे शत्रुघ्न सिन्हा, X पर पोस्ट कर युवाओं से किया साथ देने का आह्वान

पटना (BIHAR) : बिहार की राजनीति में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की सक्रियता को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हो रही हैं. इसी बीच अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने भी प्रशांत किशोर का खुलकर समर्थन किया है. बिहारी बाबू के नाम से मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर प्रशांत किशोर की जमकर तारीफ की और उनके राजनीतिक कदम को बिहार के लिए महत्वपूर्ण बताया.

एक नई हलचल पैदा कर दी है

अपने पोस्ट में शत्रुघ्न सिन्हा ने लिखा कि प्रशांत किशोर ने आखिरकार चुनावी मैदान में उतरकर केवल बिहार की राजनीति ही नहीं, बल्कि पूरे देश के राजनीतिक गलियारों और आम लोगों के बीच एक नई हलचल पैदा कर दी है. उन्होंने कहा कि एक "बिहारी बाबू" होने के नाते उन्हें यह राजनीतिक घटनाक्रम बेहद रोचक और निश्चित रूप से विस्फोटक लगता है.

नई सोच और नई राजनीति की जरूरत

शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने संदेश में कहा कि आज के समय में सबसे बड़ी जरूरत सभी लोगों की एकता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि बिहार की जनता, खासकर युवा पीढ़ी, जाति, धर्म और राजनीतिक दलों की सीमाओं से ऊपर उठकर प्रशांत किशोर का समर्थन करेगी. उनका मानना है कि राज्य के विकास और बेहतर भविष्य के लिए नई सोच और नई राजनीति की जरूरत है.

राजनीतिक रूप से अहम माना जा सकता है

शत्रुघ्न सिन्हा का यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रशांत किशोर बिहार की राजनीति में लगातार सक्रिय हैं और जन सुराज अभियान के माध्यम से लोगों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हुए हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शत्रुघ्न सिन्हा जैसे वरिष्ठ नेता का समर्थन प्रशांत किशोर के लिए राजनीतिक रूप से अहम माना जा सकता है.

इस बयान के बाद नई चर्चाओं का दौर शुरू

बिहार की राजनीति में इस बयान के बाद नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. अब देखना होगा कि आने वाले समय में प्रशांत किशोर की राजनीतिक मुहिम को जनता का कितना समर्थन मिलता है और इसका राज्य की राजनीति पर क्या असर पड़ता है. फिलहाल, शत्रुघ्न सिन्हा के समर्थन ने बिहार के राजनीतिक माहौल को और अधिक गर्मा दिया है.