पटना: राजधानी पटना के सबसे व्यस्त और वीआईपी इलाकों में शामिल वीर चंद पटेल मार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया जब मिलर स्कूल के ठीक सामने स्थित मैदान से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया. शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने पैंट और शर्ट पहन रखा था तथा उसके सिर पर हेलमेट लगा हुआ था. स्थानीय लोगों ने शव देख तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी बुलाया. फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि युवक की पहचान और घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.
गुमशुदगी के रिकॉर्ड की भी हो रही जांच
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस युवक की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी आपराधिक घटना का परिणाम है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
राजधानी के संवेदनशील इलाके की घटना
घटना राजधानी के संवेदनशील इलाके में हुई है, इसलिए पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध सभी तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक इंतजार करने की अपील की है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौके पर कोतवाली थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है, जबकि युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है.
